Thursday, November 29, 2018

मंगल पर पहुंचा नासा का इंसाइट लैंडर, क्या खोल पाएगा अरबों साल पुराने राज़?

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का अंतरिक्ष यान इंसाइट लैंडर भारतीय समयानुसार मंगलवार रात क़रीब डेढ़ बजे मंगल ग्रह पर उतर गया.

मंगल के लिए भेजे गए इस नए रोबोट ने सात मिनट के बेहद अहम वक़्त में यह लैंडिंग की.

नासा के इंसाइट मिशन का लक्ष्य मंगल के ज़मीनी और आंतरिक भागों का अध्ययन करना है और पृथ्वी के अलावा यह इकलौता ऐसा ग्रह है जिसकी नासा इस तरह जांच करने जा रहा है.

इसकी लैंडिंग के दौरान सात मिनट बेहद तनावपूर्ण गुज़रे और इस दौरान यह अंतरिक्ष यान धरती पर संदेश भेज रहा था.

जब इंसाइट मंगल पर सुरक्षित तरीक़े से उतर गया तो कैलिफ़ोर्निया में नासा के मिशन कंट्रोल में ख़ुशी की लहर दौड़ गई.

यह यान एलिसियम प्लानिशिया नामक सपाट मैदान में उतरा है जो इस लाल ग्रह की भूमध्य रेखा के नज़दीक है.

अभी वैज्ञानिक इस यान के पूरी तरह ठीक होने और इसके आस-पास की जानकारियों और तस्वीरों का इंतज़ार कर रहे हैं.

ये सभी जानकारियां अगले कुछ घंटों में धरती पर आने की संभावना है.

क्या है इंसाइट लैंडर?

मंगल पर उतरने के लिए इस यान के लिए सात मिनटों को बेहद अहम समझा जा रहा था. इसके लिए यान को अपनी रफ़्तार 20 हज़ार किलोमीटर प्रति घंटे तक कम करनी थी.

इंसाइट मंगल ग्रह के बारे में ऐसी जानकारियां दे सकता है, जो अरबों सालों से नहीं मिली हैं.

अपने अभियान के दौरान यह यान मंगल पर एक साइज़्मोमीटर रखेगा जो इसके अंदर की हलचलें रिकॉर्ड कर सकेगा. यह पता लगाएगा कि मंगल के अंदर कोई भूकंप जैसी हलचल होती भी है या नहीं.

यह पहला यान है जो मंगल की खुदाई करके उसकी रहस्यमय जानकारियां जुटाएगा. साथ ही एक जर्मन उपकरण भी मंगल की ज़मीन के पांच मीटर नीचे जाकर उसके तापमान का पता लगाएगा.

ग्रह के इस तापमान से यह पता चल सकेगा कि मंगल ग्रह अभी भी कितना सक्रिय है.

इसके तीसरे प्रयोग में रेडियो ट्रांसमिशन का इस्तेमाल होगा जिससे यह बता चलेगा कि यह ग्रह अपनी धुरी पर डगमगाते हुए कैसे घूमता है.

इस अभियान से जुड़ी एक वैज्ञानिक सुज़ैन स्म्रेकर कहती हैं, "आप एक कच्चा अंडा लें और एक पक्का अंडा, दोनों को घुमाने पर वह अलग-अलग तरीक़े से घूमेगा क्योंकि उसके अंदर तरल पदार्थ अलग-अलग है. आज हम यह नहीं जानते हैं कि मंगल के अंदर तरल चीज़ है या ठोस चीज़. साथ ही इसका भीतरी भाग कितना बड़ा है यह नहीं मालूम. इंसाइट हमें इसकी जानकारियां देगा."

Tuesday, November 13, 2018

प्राइवेट फोटो लीक मामला: अक्षरा हासन ने दर्ज कराई FIR

कुछ ही दिन पहले कमल हासन की छोटी बेटी और फिल्म अभिनेत्री अक्षरा हासन की प्राइवेट फोटो लीक होने का मामला सामने आया था. अक्षरा ने इस पर सफाई दी थी. अब उन्होंने मुंबई के साइबर पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है. मुंबई के वर्सोवा पुलिस ने एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस वायरल तस्वीरों की गंभीरता से जांच कर रही है और ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदिग्ध ने किस तरह से अक्षरा की फोटो हासिल की.

बता दें कि अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 500 के तहत मानहानी का मामला दर्ज हुआ है. इसके अलावा आईटी ऐक्ट की धारा 66 और 66 ई को भी इसमें शामिल किया गया है. वर्सोवा थाने के सीनियर इंस्पेक्टर रवींद्र बदगुजर ने FIR की पुष्टि की. मगर उन्होंने मामले में अन्य जानकारी देने से इनकार कर दिया.

इंटरनेट पर फोटो लीक होने के बाद अक्षरा ने 7 नवंबर को ट्वीट करते हुए लिखा था- 'हाल ही में मेरी प्राइवेट तस्वीरें इंटरनेट पर लीक हुईं. ये किसने किया है और क्यों इसकी अभी मुझे जानकारी नहीं है. मुझे इस बात से काफी दुख पहुंचा है. एक नौजवान लड़की को मजे के लिए इस तरह से बदनाम करना दुर्भाग्यपूर्ण है।'

अक्षरा ने आगे लिखा, जब इसे अपने फायदे और मजे के लिए पब्लिकली शेयर किया जाता है तब मैं अंदर से टूटा हुआ मेहसूस करती हूं. ऐसे समय जब हैशटैग मीटू अभियान के तहत देश भर में सक्रिय हो चुका है, इस तरह का अपराध मानसिक रूप से डिस्टर्ब कर देता है.

इस मामले पर पुलिस की तरफ से ऑफिशियल बयान सामने आया है जिसमें कहा गया है- मामले की छानबीन मुंबई पुलिस की साइबर क्राइम टीम कर रही है. आरोपी का पता लगाने के लिए टीम उस सर्वर का आईपी एड्रेस जानने की कोशिश कर रही है जिस जगह से ये फोटोज लीक की गई हैं.

पांच बार के पूर्व विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद का मानना है कि सोशल मीडिया पर एक फैन के लिये ‘भारत से चले जाओ’ टिप्पणी करने के दौरान भारतीय कप्तान विराट कोहली इमोशनल हो गए और अपना आपा खो बैठे. कोहली की इस टिप्पणी के बाद बड़ा विवाद हो गया था और भारतीय कप्तान को सोशल मीडिया पर ट्रोल पर सामना करना पड़ा था.

प्रशंसक ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कोहली को जरूरत से अधिक तवज्जो देने की बात कही थी जिस पर भारतीय कप्तान ने कहा था, ‘मुझे नहीं लगता कि आपको भारत में रहना चाहिए.’

खेल में हर तरह के चरित्र

भारत के महान खिलाड़ियों में से एक आनंद ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान एजेंसी से कहा, ‘मुझे लगता है कि उसने नियंत्रण खो दिया. वह थोड़ा भावुक हो गया और उसने वह बोल दिया जो सबसे पहले उसके दिमाग में आया.’ उन्होंने कहा, ‘इसी रवैये के साथ वह सहज है. खेल में आपको सभी तरह के चरित्र मिलते हैं और यह वह चरित्र है जो उसके सबसे अनुकूल है.’

दिग्गज शतरंज खिलाड़ी आनंद ने हालांकि कहा कि इस मामले पर पहले ही काफी कुछ लिखा जा चुका है और बेहतर है कि इस बारे में अधिक नहीं बोला जाए. आनंद ने कहा कि शायद कोहली कमजोर लम्हे में घिर गया या वह अपने सर्वश्रेष्ठ मूड में नहीं था. यह मेरा नजरिया है. इसके बाद उसने नियंत्रण खो दिया.